Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

ग्वालियर में अजीबोगरीब चोरी : चोर ने लिपिस्टिक से दीवारों को किया लाल, महिला की साड़ियों को भी फाड़ा

ग्वालियर में अजीबोगरीब चोरी : चोर ने लिपिस्टिक से दीवारों को किया लाल, महिला की साड़ियों को भी फाड़ा
X

ग्वालियर में अजीबोगरीब चोरी चोर ने लिपिस्टिक से दीवारों को किया लाल, महिला की साड़ियों को भी फाड़ा

ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। इसमें चोरों ने सुनसान घर में घुसकर न सिर्फ चोरी की, बल्कि दीवारों पर लिपिस्टिक से तरह-तरह के शब्दों की लिखाई की। घर की पूरी दीवारों को लिपिस्टिक से लाल कर दिया, घर में रखी महिला की साड़ियों को फाड़ दिया, बच्चों के डॉक्यूमेंट भी फाड़ दिए। चोरी की घटना के बाद जब पीड़ित महेश माहौर अपने परिवार के साथ घर पहुंचे, तो वे घर की बुरी हालत देख हैरान रह गए।

ग्वालियर शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के माहौर मोहल्ले में रहने वाले महेश माहौर अपने परिवार के साथ हरियाणा के पानीपत में सत्संग के लिए गए थे। जब वह घर वापस लौटे, तो घर की हालत देखकर वे चौंक गए क्योंकि घर की कुंडी काट दी गई थी। इसके बाद जब वह घर में अंदर घुसे, तो घर का बुरा हाल था। पूरे घर में फटे हुए कपड़े और डॉक्यूमेंट पड़े थे।

महेश की नजर दीवारों पर पड़ी, तो माजरा उनकी समझ से परे था। दीवारों पर लिपिस्टिक से उनका नाम और गालियां लिखी गई थीं। यह सब देखकर पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया। फिर जब उन्होंने फटे हुए डॉक्यूमेंट और कपड़ों पर ध्यान दिया, तो पता चला कि यह उनके बच्चों के कपड़े थे, जिन्हें पूरी तरह से फाड़कर फेंक दिया गया था। डॉक्यूमेंट भी उनके बच्चों की पढ़ाई से संबंधित थे, जिन्हें पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया था।

जब उनकी पत्नी और बच्चे किचन की तरफ गए, तो देखा कि खाने का पूरा सामान और राशन फैला पड़ा है। न सिर्फ सामान को नुकसान पहुंचाया गया था, बल्कि उनके राशन में बजरी और रेत जैसी चीजें भी मिला दी गई थीं। इस सब से परेशान महेश ने थाने में जाकर शिकायत दी, लेकिन उन्हें कोई रिसीविंग नहीं दी गई और तब से वह पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।

महेश माहौर का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं है। कई बार किसी से विवाद हो जाते हैं, और ऐसा लग रहा है कि किसी ने यह सब उनकी दुश्मनी निकालने के लिए किया है। थाने में सुनवाई न होने के बाद, मंगलवार को वे एसपी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी बात रखी। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया और संबंधित थाने को जल्दी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019