Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Stampede at Nalanda Shitala: नालंदा में मंदिर प्रबंधन की लापरवाही से हुआ हादसा, चार पुलिसकर्मी निलंबित, पुलिस महानिदेशक ने हालात का लिया जायजा

Stampede at Sheetla Temple
X

Stampede at Sheetla Temple

Stampede at Nalanda Shitala: पटना: बिहार के नालंदा जिले स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में हुई दर्दनाक भगदड़ के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस हादसे में 8 महिलाओं की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक और मंदिर प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है।

डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं किया गया था। चौंकाने वाली बात यह रही कि सुरक्षा की जिम्मेदारी लगभग एक चौकीदार के भरोसे छोड़ दी गई थी, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

घटना के पीछे मंदिर की संरचना को भी एक कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रवेश द्वार की ढलानदार सीढ़ियों पर एक महिला के गिरने के बाद भगदड़ मच गई। वहीं, कुछ श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि एक पुजारी पैसे लेकर लाइन तोड़कर दर्शन करा रहा था, जिससे विवाद और अफरा-तफरी की स्थिति बनी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपनगर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है, जबकि केंद्र सरकार ने भी आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। फिलहाल एसआईटी टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019