Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Singer Neha Singh Rathore: भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ में राजद्रोह का मामला दर्ज, कहा- दम है तो आतंकियों का सिर लेकर आइए

Asian News
Singer Neha Singh Rathore
X

Singer Neha Singh Rathore

Singer Neha Singh Rathore: लखनऊ: भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले पर उनकी कथित भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ राजद्रोह सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कवि अभय प्रताप सिंह की शिकायत के आधार पर की गई है।

Singer Neha Singh Rathore: क्या है मामला?

शिकायतकर्ता अभय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि नेहा सिंह राठौर ने अपने 'एक्स' हैंडल (@nehafolksinger) पर पहलगाम आतंकी हमले को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां और वीडियो साझा किए, जो राष्ट्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। उनके अनुसार, नेहा ने हमले में मारे गए निर्दोष लोगों पर सवाल उठाए और सरकार की खुफिया व सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि उनकी पोस्ट ने धर्म और जाति के आधार पर समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का काम किया, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति को खतरा पैदा हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नेहा की पोस्ट और वीडियो पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जहां इनका उपयोग भारत विरोधी प्रचार के लिए किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि पाकिस्तानी मीडिया नेहा के बयानों को भारत के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

Singer Neha Singh Rathore: दर्ज हुईं गंभीर धाराएं

हजरतगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता को खतरे में डालना), धारा 196, 197, 302, 353 सहित 11 धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 69ए के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि नेहा को जल्द ही नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।

हालांकि, बीएनएस में 'राजद्रोह' शब्द का स्पष्ट उल्लेख नहीं है, जैसा कि पुरानी भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए में था, लेकिन धारा 152 राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता के खिलाफ कार्यों को संबोधित करती है।

Singer Neha Singh Rathore: नेहा का जवाब: 'मैं सवाल पूछना नहीं छोड़ूंगी'

एफआईआर के बाद नेहा सिंह राठौर ने 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "मेरे ऊपर लखनऊ में एफआईआर हो गई है... होनी भी चाहिए। एक मामूली लड़की इतने बड़े लोकतंत्र में सवाल कैसे पूछ सकती है! लोकतंत्र का साइज तो देखो!" एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कानूनी मदद मांगते हुए कहा, "मेरे पास वकील की फीस देने के लिए पैसे नहीं हैं। क्या कोई वकील मेरी मदद कर सकता है?"

नेहा ने अपने एक वीडियो में कहा, "पहलगाम हमले के जवाब में सरकार ने अब तक क्या किया? मेरे ऊपर एफआईआर करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। अगर दम है तो आतंकवादियों का सिर लेकर आइए, मेरे सिर पर नाकामियों का ठीकरा न फोड़िए।"

Singer Neha Singh Rathore: पहले भी विवादों में रहीं नेहा

बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली नेहा सिंह राठौर अपने भोजपुरी गीतों 'बिहार में का बा' और 'यूपी में का बा' से चर्चा में आई थीं। इन गीतों के जरिए उन्होंने सरकार की नीतियों और सामाजिक मुद्दों पर तीखा व्यंग किया था। इससे पहले भी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ एक कार्टून पोस्ट को लेकर दर्ज एफआईआर को रद्द करने से इनकार किया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर एक विशेष विचारधारा को निशाना बनाया था।

Singer Neha Singh Rathore: क्या कह रहे हैं लोग?

नेहा के खिलाफ एफआईआर को लेकर सोशल मीडिया पर दो धड़े दिखाई दे रहे हैं। एक पक्ष उनका समर्थन करते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहा है, वहीं दूसरा पक्ष उनकी टिप्पणियों को देश विरोधी और सांप्रदायिक बताकर कार्रवाई की मांग कर रहा है। कुछ यूजर्स ने उनकी बैंक खाता जांच की मांग भी उठाई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019