Governor Ramen Deka: पर्यावरण संरक्षण, विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान और ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाएं रोटेरियन : राज्यपाल रमेन डेका
Governor Ramen Deka: रायपुर। रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के सदस्यों ने लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने समाज हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उन्हें जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
Governor Ramen Deka: सेवा कार्यों की सराहना, सामूहिक प्रयासों पर जोर
राज्यपाल ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन सेवा भावना के साथ समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज और राज्य के समग्र विकास के लिए सभी संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।
Governor Ramen Deka: पेड़ों को बचाने के लिए कंक्रीट घेरों को हटाने की अपील
पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि शहरों में पेड़ों के आसपास बनाए गए कंक्रीट और टाइल्स के घेरों के कारण उनकी जड़ों तक पर्याप्त पानी और हवा नहीं पहुंच पाती। उन्होंने रोटेरियनों से ऐसे घेरों को हटाने और पेड़ों को पुनर्जीवित करने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।
Governor Ramen Deka: जल संरक्षण नहीं हुआ तो गहरा सकता है संकट: राज्यपाल
राज्यपाल ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि अभी से जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में छत्तीसगढ़ को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने रोटरी क्लब से इस दिशा में जनजागरण और सहयोगात्मक प्रयास करने का आग्रह किया।

Governor Ramen Deka: ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान
महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए रमेन डेका ने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने रोटेरियनों से ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक महिलाओं तक जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
Governor Ramen Deka: विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास में सहयोग की अपेक्षा
राज्यपाल ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के संरक्षण और विकास को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी संस्कृति छत्तीसगढ़ की मूल पहचान और धरोहर है। उन्होंने रोटरी क्लब से विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य करने की अपेक्षा जताई।
Governor Ramen Deka: व्यक्तिगत स्तर पर भी सेवा भावना से करें कार्य
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सामूहिक रूप से उत्कृष्ट कार्य करता है, लेकिन प्रत्येक सदस्य को व्यक्तिगत स्तर पर भी सेवा और परोपकार की भावना से कार्य करना चाहिए। इससे समाज के साथ-साथ व्यक्ति को भी आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।
Governor Ramen Deka: अनसंग हीरो को पहचान दिलाने की जरूरत
राज्यपाल ने समाज में बिना किसी प्रचार-प्रसार के उल्लेखनीय कार्य करने वाले अनसंग हीरो और हीरोइनों को पहचानने तथा सम्मानित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मंच प्रदान कर रोटरी क्लब समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर सकता है।
Governor Ramen Deka: बस्तर के विकास में सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण
बस्तर क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए। साथ ही शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में भी रोटेरियन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
Governor Ramen Deka: स्मृति चिन्ह भेंट कर किया स्वागत
बैठक में रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के अध्यक्ष रितेश जिंदल ने राज्यपाल का स्वागत किया और क्लब की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, क्लब के सचिव प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

