Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

AIAPGET 2026 में गड़बड़ी: जयपुर सेंटर पर बिजली जाने से 49 उम्मीदवार प्रभावित, NTA ने तय की री-एग्जाम डेट

परीक्षा के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिससे कंप्यूटर सिस्टम...

AIAPGET 2026 में गड़बड़ी: जयपुर सेंटर पर बिजली जाने से 49 उम्मीदवार प्रभावित, NTA ने तय की री-एग्जाम डेट
X

AIAPGET 2026: जयपुर। ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) 2026 में जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से 49 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इन अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर 2026 को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। परीक्षा सुबह 10 बजे से राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में होगी।

22 अगस्त को हुई थी परीक्षा

AIAPGET 2026 की परीक्षा 22 अगस्त को पहली शिफ्ट में देशभर के 200 केंद्रों पर आयोजित हुई। कुल 36,979 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 35,837 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 35,788 उम्मीदवारों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हुई।

जयपुर सेंटर पर बंद हो गए कंप्यूटर

जयपुर के श्री सत्य साई पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिससे कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। NTA के अनुसार, 49 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके। बिजली की समस्या के लिए NTA ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी Eduquity Career Technologies Private Limited को जिम्मेदार बताया है।

अभ्यर्थियों ने किया हंगामा

बिजली जाने के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर उम्मीदवारों ने हंगामा और नारेबाजी की। अभ्यर्थियों का आरोप था कि ऑनलाइन परीक्षा के लिए पर्याप्त पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी। कुछ उम्मीदवारों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और सभी की परीक्षा दोबारा कराने की मांग की।

1 सितंबर को दोबारा परीक्षा

NTA ने प्रभावित 49 उम्मीदवारों की परेशानी के लिए खेद जताया है। इनकी दोबारा परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे होगी। उम्मीदवारों को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी।

आयुष पीजी एडमिशन के लिए होती है परीक्षा

AIAPGET के जरिए आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन मिलता है। परीक्षा CBT मोड में होती है। इसमें 120 बहुविकल्पीय प्रश्न होते हैं और कुल 480 अंक निर्धारित हैं। सही उत्तर पर 4 अंक और गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019