सांवलिया सेठ को चढ़ाया 1.2 किलो चांदी का सीमेंट प्लांट, 40 KM पैदल चलकर मंदिर पहुंचा कारोबारी
धर्मराज का मानना है कि कारोबार में मिली सफलता में सांवलिया सेठ की कृपा भी है।

जयपुर: चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में आस्था की अनोखी तस्वीर सामने आई। निम्बाहेड़ा के कारोबारी धर्मराज बंजारा ने कारोबार में सफलता मिलने पर भगवान को करीब 1 किलो 200 ग्राम चांदी से बना जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल भेंट किया। करीब 2.40 लाख रुपए कीमत की यह भेंट मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गई।
2017 से सीमेंट प्लांट में कर रहे ठेकेदारी
धर्मराज बंजारा निम्बाहेड़ा में वेदांश इंटरप्राइजेज नाम से कारोबार चलाते हैं। वे 2017 से जेके सीमेंट प्लांट में ठेकेदारी का काम कर रहे हैं। उनका परिवार भी लंबे समय से सीमेंट कंपनी से जुड़ा रहा है। धर्मराज के पिता भी इसी कंपनी में नौकरी कर चुके हैं। धर्मराज का मानना है कि कारोबार में मिली सफलता में सांवलिया सेठ की कृपा भी है।
कारोबार से जुड़ी भेंट चढ़ाने का लिया संकल्प
आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर में सोना-चांदी, नकदी या आभूषण चढ़ाते हैं। धर्मराज ने इससे अलग अपने कारोबार से जुड़ी चीज भगवान को अर्पित करने का संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने जेके सीमेंट प्लांट की चांदी की प्रतिकृति तैयार करवाई। इसमें करीब 1.2 किलो शुद्ध चांदी का इस्तेमाल हुआ।
40 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे मंदिर
संकल्प पूरा करने के लिए धर्मराज परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ करीब 40 किलोमीटर की पदयात्रा कर सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। रास्ते में भक्ति गीतों और जयकारों के बीच यात्रा पूरी की गई। मंदिर पहुंचकर दर्शन के बाद चांदी का मॉडल भगवान के चरणों में अर्पित किया गया।
व्यापारी मानते हैं भगवान को कारोबार का साझेदार
सांवलिया सेठ मंदिर में व्यापारी वर्ग की गहरी आस्था है। कई कारोबारी नए काम की शुरुआत भगवान का आशीर्वाद लेकर करते हैं और सफलता मिलने पर उन्हें भेंट अर्पित करते हैं।


