Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Pune Raid: पुणे में अवैध शराब के ठिकाने से निकला करोड़ों का कैश, छापेमारी में पुलिस भी रह गई हैरान- VIDEO

Pune Raid
X

Pune Raid

Pune Raid: पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध शराब बिक्री के एक ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये की नकदी मिली। कोंढवा इलाके में की गई इस कार्रवाई ने न सिर्फ पुणे पुलिस, बल्कि आयकर विभाग को भी अलर्ट कर दिया है। घर के भीतर रखी अलमारी से बरामद हुई भारी नकदी को देखकर जांच टीम के भी होश उड़ गए।

Pune Raid: शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोंढवा के काकड़े वस्ती इलाके के एक मकान से अवैध रूप से देशी और विदेशी शराब बेची जा रही है। इसी आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने व्हिस्की और रम सहित करीब 70 लीटर शराब बरामद की। शुरुआती कार्रवाई में लगभग 2 लाख रुपये की शराब और 1.41 लाख रुपये नकद जब्त किए गए, जिससे कुल जब्ती करीब 3.46 लाख रुपये रही।

Pune Raid: बेडरूम की अलमारी से खुला राज

छापेमारी के दौरान पुलिस को शक हुआ कि मामला सिर्फ शराब तक सीमित नहीं है। इसके बाद जब बेडरूम में रखी एक पुरानी अलमारी की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें से नोटों के बंडल निकलते चले गए। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के लिए नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी। पूरी गिनती के बाद अलमारी से 1 करोड़ 85 हजार 950 रुपये नकद बरामद हुए।

Pune Raid: तीन आरोपी नामजद, नेटवर्क की जांच शुरू

इस मामले में पुलिस ने अमर कौर उर्फ मादरीकौर, दिलदार सिंह और देवश्री जुन्नी सिंह को आरोपी बनाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम सिर्फ अवैध शराब बिक्री से जुटाई गई या इसके पीछे किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि का भी हाथ है। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है।

Pune Raid: बड़े सिंडिकेट की आशंका

पुणे पुलिस को आशंका है कि यह मामला किसी बड़े अवैध नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। शहर में हाल के दिनों में ड्रग्स और अन्य गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच यह छापेमारी बेहद अहम मानी जा रही है। अब पुलिस के साथ-साथ आयकर विभाग भी आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की गहराई से जांच कर रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019