Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Pahalgam Terror Attack: आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में CCS बैठक, पाकिस्तान पर लिए गए कड़े फैसले...

Dev Verma
Pahalgam Terror Attack: आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में CCS बैठक, पाकिस्तान पर लिए गए कड़े फैसले...
X

Pahalgam Terror Attack: आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में CCS बैठक, पाकिस्तान पर लिए गए कड़े फैसले…

Pahalgam Terror Attack: नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की आपात बैठक हुई, जिसमें हमले की गंभीरता को देखते हुए कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए गए। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री सहित शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।

Pahalgam Terror Attack: CCS को दी गई हमले की विस्तृत जानकारी

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि इस बैठक में पहलगाम आतंकी हमले की पूरी जानकारी दी गई, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान गई और कई अन्य घायल हुए। CCS ने इस हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बैठक में आतंकवाद के प्रति "शून्य सहिष्णुता" की नीति पर एक बार फिर से जोर दिया गया।

Pahalgam Terror Attack: पाकिस्तान पर लिए गए कठोर निर्णय

  1. सिंधु जल संधि स्थगित: भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह संधि अब तब तक बहाल नहीं की जाएगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का समर्थन करना पूरी तरह बंद नहीं करता।

  2. अटारी चेकपोस्ट बंद: भारत-पाक सीमा पर स्थित एकीकृत चेकपोस्ट अटारी को बंद करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, वैध अनुमति से पहले से भारत आए नागरिकों को 1 मई 2025 तक वापस लौटने की मोहलत दी गई है।

  3. SAARC वीजा रद्द: पाकिस्तान के नागरिकों को SAARC वीजा छूट योजना (SVES) के तहत भारत यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पहले से जारी सभी वीजा रद्द माने जाएंगे। भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

  4. पाकिस्तान उच्चायोग के रक्षा सलाहकार निष्कासित: नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में कार्यरत सैन्य, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को “अवांछित व्यक्ति” घोषित किया गया है। उन्हें भारत छोड़ने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।

  5. भारतीय अधिकारी भी लौटेंगे: भारत ने इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग से रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को भी वापस बुलाने का फैसला किया है। इन पदों को फिलहाल निरस्त कर दिया जाएगा।

Pahalgam Terror Attack: पीएम मोदी की सऊदी यात्रा रद्द, शाह पहुंचे थे श्रीनगर

गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़कर भारत लौटने का फैसला लिया। दूसरी ओर, गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार शाम को श्रीनगर पहुंचे और बुधवार को घटनास्थल का दौरा कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद वे दिल्ली लौटकर CCS बैठक में शामिल हुए।

Pahalgam Terror Attack: सरकार का स्पष्ट संदेश: आतंकवाद को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

इस बैठक और लिए गए फैसलों से यह स्पष्ट संकेत गया है कि भारत अब पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कठोर और निर्णायक कदम उठाने के लिए तैयार है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के किसी भी रूप को सहन नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019