Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

New York to Mumbai: मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहा विमान बम धमकी के बाद वापस लौटा, जांच में जुटी एजेंसियां

New York to Mumbai:
X

New York to Mumbai:

मुंबई: मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई 119 को बम की धमकी मिलने के बाद वापस मुंबई लौटना पड़ा। इस घटना से विमान में सवार 322 लोगों के बीच हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, उड़ान के दौरान शौचालय में एक पत्र मिला, जिसमें विमान में बम होने की बात कही गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तुरंत मुंबई की ओर मोड़ा गया और यह सुबह 10:25 बजे सुरक्षित रूप से उतर गया।

एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि 10 मार्च 2025 को इस संभावित खतरे की सूचना मिलने के बाद यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया। बोइंग 777-300 ईआर में 19 चालक दल सहित कुल 322 लोग सवार थे। लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच शुरू की। एयरलाइन ने जांच में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उड़ान को अब 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। यात्रियों को होटल में ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।

इससे पहले, 6 मार्च को शिकागो-दिल्ली उड़ान एआई 126 को तकनीकी खराबी के कारण शिकागो वापस लौटना पड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शौचालय जाम होने से यह समस्या हुई। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया और उन्हें आवास व वैकल्पिक व्यवस्था दी गई। एअर इंडिया ने दोनों घटनाओं के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019