MP Weather
MP Weather : भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश में साफ नजर आ रहा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड को और तेज कर दिया है, वहीं कई इलाकों में कोहरे का असर भी बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
MP Weather : मौसम विभाग के अनुसार पंजाब पर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। इसकी वजह से ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के चलते इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। वहीं राजधानी भोपाल में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
MP Weather : पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहा और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। हालांकि शहडोल और सागर संभाग के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दतिया, ग्वालियर, खजुराहो, छतरपुर, सतना, नौगांव, सीधी, रीवा, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला।
MP Weather : ठंड के लिहाज से पचमढ़ी एक बार फिर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 6.3 डिग्री, खजुराहो और शिवपुरी में 7 डिग्री, अमरकंटक में 7.3 डिग्री तथा राजगढ़ और रीवा में 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए किसी बड़े अलर्ट की घोषणा नहीं की है, लेकिन ठंड और कोहरे का असर अभी जारी रहने की संभावना है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


