MP News: Two-story house collapses in Ujjain; teenager dies after being trapped in debris, 5 injured.
MP News : उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के हम्मालवाड़ी इलाके में स्थित दो मंजिला मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त घर के भीतर मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए और देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया।
MP News : हादसे में 15 वर्षीय अरशान कुरैशी की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में खुर्शीद बी, इकलाश, फरान नाज, शेर मोहम्मद और परवीन बी शामिल हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
MP News : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मकान गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए।
MP News : प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पड़ोस में चल रहे निर्माण कार्य को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पास में बन रहे एक मकान की खुदाई और निर्माण के कारण प्रभावित भवन की नींव कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी मौके का निरीक्षण कर रही है।

