MP News : महिदपुर को 207 करोड़ की सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव ने 19 विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमि-पूजन
MP News : भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 जून को उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात दी। उन्होंने यहां 207.57 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें 188.42 करोड़ रुपये की लागत से बना सामाकोटा बैराज, उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन, महाविद्यालय भवन और विभिन्न स्कूल शामिल हैं।
MP News : महिदपुर के विकास को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिदपुर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां की मावा बाटी और गुलाटी प्रसिद्ध हैं, जबकि यह क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़ा माना जाता है। उन्होंने कहा कि डोंगला क्षेत्र ने समय गणना और खगोल विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे और आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक ऑब्जर्वेटरी स्थापित की गई है।
सीएम ने कहा कि डोंगला से गुजरने वाला नया फोरलेन क्षेत्र के विकास को नई गति देगा और महिदपुर को नई पहचान दिलाएगा।
MP News : सिंहस्थ 2028 और विकास परियोजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन और आसपास का क्षेत्र मोक्षदायिनी मां क्षिप्रा के आशीर्वाद से समृद्ध है और सरकार यहां जल संसाधनों को लगातार मजबूत कर रही है।
MP News : किसान और जनकल्याण योजनाओं पर फोकस
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 60 हजार करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। किसानों को सम्मान निधि और एमएसपी का लाभ दिया जा रहा है, साथ ही सिंचाई रकबा बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र 44 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है और आने वाले समय में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
MP News : कांग्रेस पर तीखा हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों के कारण कमजोर हो रही है और उसकी स्थिति लगातार गिरती जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं।

