MP News: एमपी हाईकोर्ट के 29वें मुख्य न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने दिलाई शपथ

MP News
MP News
MP News: भोपाल। न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने गुरुवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के 29वें मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के रूप में शपथ ग्रहण की। राजधानी भोपाल स्थित राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने समारोह का संचालन करते हुए राष्ट्रपति की अधिसूचना का वाचन किया, जिसके तहत न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बधाई संदेश में कहा कि न्यायमूर्ति सचदेवा का अनुभव, न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुशासन और दूरदृष्टि भारतीय न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनका कार्यकाल संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, नागरिकों के मौलिक अधिकारों की प्रतिष्ठा और शीघ्र एवं निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
न्यायमूर्ति सचदेवा की नियुक्ति से प्रदेश की न्याय व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। सामाजिक न्याय और संवैधानिक गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की उनकी पहचान उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाती है।


