MP News : किसान कैबिनेट के बड़े फैसले, 27,746 करोड़ रुपये होंगे खर्च, 25 किसान बनेंगे प्राकृतिक खेती के मास्टर ट्रेनर
MP News : भोपाल/बड़वानी। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में आयोजित किसान कैबिनेट में राज्य सरकार ने किसान कल्याण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 6 विभागों की 16 योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर कुल 27,746 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
MP News : 6 विभागों की 16 योजनाओं को स्वीकृति
किसान कैबिनेट में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और नर्मदा घाटी विकास विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। विभागवार योजनाओं का विवरण इस प्रकार है:
- कृषि विभाग – 3,502.48 करोड़ रुपये
- उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण – 4,263.94 करोड़ रुपये (3 योजनाएं)
- पशुपालन एवं डेयरी विकास – 9,508 करोड़ रुपये (4 योजनाएं)
- मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग – 218.50 करोड़ रुपये (2 योजनाएं)
- सहकारिता विभाग – 8,186 करोड़ रुपये (4 योजनाएं)
- नर्मदा घाटी विकास विभाग – 2,067.97 करोड़ रुपये (2 योजनाएं)
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश किसानों को समृद्ध बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
MP News : बरला उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को मंजूरी
नर्मदा घाटी विकास विभाग के अंतर्गत बरला उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को स्वीकृति दी गई है। लगभग 861 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से संबंधित तहसील के 33 गांवों की करीब 15,500 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्र की कृषि उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
MP News : प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, 25 किसान बनेंगे मास्टर ट्रेनर
मध्यप्रदेश को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से सरकार ने बड़वानी जिले के 25 किसानों को ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में तैयार करने का निर्णय लिया है।
इन किसानों को प्राकृतिक खेती का विशेष प्रशिक्षण लेने के लिए प्रदेश के बाहर भेजा जाएगा, ताकि वे लौटकर अन्य किसानों को प्रशिक्षित कर सकें और जैविक एवं प्राकृतिक खेती को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल सके।
MP News : खेतिया मंडी बनेगी आदर्श उपज मंडी
किसानों को बेहतर विपणन सुविधा देने के लिए बड़वानी की खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श उपज मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इसके अलावा बड़वानी जिले को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
MP News : किसानों की समृद्धि पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनका लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


