Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP News : CM मोहन यादव ने सर्पदंश से होने वाली मौतों पर जताई चिंता और कहा- MP में बढ़ेंगे रेस्क्यू सेंटर और जू

MP News
X

MP News

MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में सर्पदंश से होने वाली मौतों पर गहरी चिंता जताई है। वन विकास निगम की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपंचमी नजदीक है, और यह हमारे प्रदेश के लिए एक धार्मिक अवसर होने के साथ-साथ एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती भी बन चुका है।

सीएम ने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा लोग सांप के काटने से जान गंवाते हैं, और इसे रोकने के लिए व्यवस्थित रणनीति बनाना और सभी संभावित रोकथाम के उपाय अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि, "वन्य जीव हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मानव जीवन की सुरक्षा भी सर्वोपरि है।"

महाराष्ट्र में भी मध्यप्रदेश के वन विभाग का परचम
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र से भी वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की वन संपदा देश में सबसे अधिक है और वन विकास निगम ने इतने उत्कृष्ट कार्य किए हैं कि अब उसे महाराष्ट्र में भी कार्य मिल रहा है। उन्होंने वन निगम को अब नई संभावनाओं की तलाश करने और वृहद स्तर पर विस्तार की दिशा में कदम उठाने को कहा।

सागौन का फर्नीचर दिखेगा तो दुनिया पागल हो जाएगी
सीएम मोहन यादव ने एक दिलचस्प अनुभव साझा करते हुए बताया कि राजस्थान दौरे के दौरान उन्हें बताया गया कि जोधपुर में आम और बबूल की लकड़ी से बना फर्नीचर विदेशों में एक्सपोर्ट हो रहा है, जबकि हमारे यहां यही लकड़ी जलाने के काम आती है। उन्होंने कहा कि अगर मध्यप्रदेश के सागौन की लकड़ी से फर्नीचर बने, तो उसकी गुणवत्ता और आकर्षण से दुनिया मोहित हो जाएगी। इस दिशा में राज्य को तेजी से काम करना चाहिए।


मध्यप्रदेश में बढ़ेंगे रेस्क्यू सेंटर और जू
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रेस्क्यू सेंटर और चिड़ियाघरों (जू) की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी भोपाल एकमात्र ऐसी जगह है जहां 10-15 किलोमीटर की परिधि में इंसान और बाघ दोनों रहते हैं दिन में इंसान और रात में टाइगर।

उन्होंने गुजरात के जामनगर स्थित "वनतारा" का उदाहरण देते हुए अधिकारियों को वहां भेजने की बात कही, ताकि वहां से सीख लेकर मध्य प्रदेश में भी वन्यजीव संरक्षण के नए मॉडल विकसित किए जा सकें। सीएम ने कहा कि वन विकास निगम को इस दिशा में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019