MP Crime : झाड़ियों में नग्न हालत में मिली युवती की लाश, रेप के बाद हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

MP Crime : ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के कटारे फार्म हाउस के भीतर झाड़ियों में एक अज्ञात महिला की नग्न और खून से सनी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर बेरहमी से हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया।
MP Crime : मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक राहगीर युवक ने पुलिस को झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मंजर देख पुलिस भी चौंक गई। महिला का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था और सिर से काफी खून बह चुका था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
MP Crime : प्राथमिक जांच में मृतका की उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि हत्या किसी भारी और कठोर वस्तु से की गई है। हालांकि महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वहां कैसे पहुंची।
MP Crime : घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP धर्मवीर सिंह यादव और ASP अनु बेनीवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम को आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर सबूत मिटाने के इरादे से उसकी हत्या कर दी गई।
MP Crime : डॉग स्क्वायड ने महिला के कपड़ों को सूंघकर आसपास तलाश की, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर डॉग रुक गया। फिलहाल आरोपी तक पहुंचने का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
MP Crime : पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।


