Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Mauganj Police attacked : मऊगंज में पुलिस पर हमला, ASI और युवक की मौत, थाना प्रभारी-तहसीलदार की हालत गंभीर, गांव में तनाव...

Mauganj Police attacked
X

Mauganj Police attacked

Mauganj Police attacked : भोपाल/मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। गड़रा गांव में आक्रोशित भीड़ ने पहले सनी द्विवेदी नामक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसे बचाने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रामचरण गौतम शहीद हो गए, जबकि शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती और हनुमना तहसीलदार कुमारे लाल पनिका सहित 9 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रीवा और मैहर से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Mauganj Police attacked : जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद दो महीने पहले हुए एक सड़क हादसे से शुरू हुआ, जिसमें अशोक आदिवासी नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे हादसा करार दिया था, लेकिन अशोक के परिजन और गांव वालों का मानना था कि सनी द्विवेदी ने उसकी हत्या की थी। इस आरोप के बावजूद पुलिस ने सनी को गिरफ्तार नहीं किया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। शनिवार शाम करीब 4 बजे आक्रोशित आदिवासी परिवार और ग्रामीणों ने सनी को बंधक बना लिया और उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां पहले से तैयार भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से पुलिस पर हमला कर दिया।

Mauganj Police attacked : हमले में ASI रामचरण गौतम को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती और तहसीलदार कुमारे लाल पनिका की हालत भी नाजुक बनी हुई है। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए मऊगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर हालत के चलते कुछ को रीवा रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस मामले में पुलिस ने कुछ हमलावरों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019