Haiwaan Box Office Collection: अक्षय-सैफ की ‘हैवान’ की धीमी रफ्तार, 2 दिन में 5 करोड़ पार
‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। वहीं दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई।

मुंबई। बॉलीवुड के दो बड़े सितारों अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। लंबे समय बाद दोनों कलाकारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आई है, लेकिन फिल्म को दर्शकों की तरफ से अब तक मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। दूसरे दिन की कमाई के बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 5 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म मलयालम हिट फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में सस्पेंस और थ्रिल का तड़का देखने को मिलता है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
दो दिनों में 5 करोड़ से ज्यादा की कमाई
‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। वहीं दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को फिल्म ने करीब 2.11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई दो दिनों में लगभग 5.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में बड़े उछाल की उम्मीद थी, लेकिन दूसरे दिन दर्शकों की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली।
17 साल बाद साथ नजर आए अक्षय और सैफ
‘हैवान’ की सबसे बड़ी खासियत अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी मानी जा रही है। दोनों कलाकार करीब 17 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आए हैं। इससे पहले दोनों ‘टशन’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘आरजू’ और ‘तू चोर मैं सिपाही’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दर्शकों ने दोनों की केमिस्ट्री को पसंद किया है, लेकिन फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा भी जताई है।
कमजोर रफ्तार बनी चुनौती
फिल्म में कलाकारों के अभिनय की तारीफ हो रही है, लेकिन धीमी कहानी और स्क्रीनप्ले की वजह से फिल्म दर्शकों को पूरी तरह बांधने में कामयाब नहीं हो पा रही है। बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को फिल्म की थिएटर ऑक्यूपेंसी करीब 12.77 प्रतिशत रही। अब मेकर्स की नजर रविवार की कमाई पर है, क्योंकि वीकेंड कलेक्शन फिल्म की आगे की स्थिति तय कर सकता है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ से मिल रही कड़ी टक्कर
बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ को कई फिल्मों से मुकाबला करना पड़ रहा है। खासतौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की मजबूत पकड़ के कारण फिल्म को दर्शकों का ध्यान खींचने में चुनौती मिल रही है।


