Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

ग्वालियर में स्कूल बस चालक पर फायरिंग, बस में सवार 50 बच्चों में मची चीख-पुकार, 8 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

कार सवारों ने CNG खत्म होने की बात कही और बस चालक से कार को धक्का लगाने के लिए बुलाया...

ग्वालियर में स्कूल बस चालक पर फायरिंग, बस में सवार 50 बच्चों में मची चीख-पुकार, 8 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार
X

ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर टेकनपुर के पास शनिवार सुबह 50 बच्चों से भरी स्कूल बस को कार सवार बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद बस चालक खेम सिंह यादव पर कट्टे से गोली चला दी। गोली कनपटी के पास से निकल गई, जबकि छर्रे चेहरे और सीने में लगे। फायरिंग की आवाज सुनते ही बस में बच्चों में चीख-पुकार मच गई और कई बच्चे डरकर रोने लगे।

CNG खत्म होने का बहाना बनाकर रोकी बस

पुलिस के अनुसार खेम सिंह बच्चों को लेकर ग्लोरियस स्कूल जा रहे थे। छोटी अकबई के पास सफेद स्विफ्ट कार ने बस को ओवरटेक कर पुलिया के पास रोक दिया। कार सवारों ने CNG खत्म होने की बात कही और बस चालक से कार को धक्का लगाने के लिए बुलाया। महिला अटेंडर के कहने पर खेम सिंह बस से नीचे उतरकर कार के पास पहुंचे।

चालक के पास पहुंचते ही चला दी गोली

खेम सिंह के कार के पास पहुंचते ही बगल में बैठे बदमाश ने उन पर फायर कर दिया। गोली कनपटी के पास से निकल गई, लेकिन छर्रे चेहरे और सीने में लगे। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग गए। घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने जांच में पाया कि गोली बस के अंदर नहीं, बल्कि चालक को निशाना बनाकर चलाई गई थी।

चार साल पुरानी रंजिश का शक

पुलिस को पूछताछ में चार साल पुरानी घटना की जानकारी मिली। मुख्य आरोपी अर्जुन उर्फ भीमा यादव के भाई श्रीकृष्ण यादव की सड़क हादसे में मौत हुई थी। अर्जुन को शक था कि हादसे के बाद खेम सिंह उसके भाई को घायल अवस्था में छोड़कर चले गए थे। पुलिस इसी रंजिश को फायरिंग की वजह मानकर जांच कर रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने करीब आठ घंटे में अर्जुन यादव, शिवम यादव और अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी राहुल यादव की तलाश जारी है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि टेकनपुर फायरिंग मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस हथियार और वाहन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019