Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP : इंदौर पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, CM डॉ. मोहन यादव ने किया स्वागत; उज्जैन से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इंदौर के बाद वे उज्जैन और मंदसौर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

MP : इंदौर पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, CM डॉ. मोहन यादव ने किया स्वागत; उज्जैन से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
X

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इंदौर के बाद वे उज्जैन और मंदसौर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

CM मोहन यादव बोले- PM मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के रूप में मना रही BJP

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मना रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि की रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां ग्रामीणों को आबादी भूमि की निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके आवासीय अधिकारों का लाभ पहुंचाना है।

विश्वकर्मा जयंती पर बोले CM- कारीगरों को मिल रहा है सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती भी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक और तकनीकी सहायता मिल रही है। इससे गरीब और मेहनतकश कलाकारों को अपनी कला को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि नितिन नबीन पहली बार देवी अहिल्याबाई होलकर की नगरी इंदौर पहुंचे हैं। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक विशेष तैयारियां की गई हैं। नितिन नबीन खुले वाहन में रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

उज्जैन के रामघाट से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

बीजेपी मध्यप्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत गुरुवार शाम उज्जैन के रामघाट से होगी।

इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिप्रा नदी पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाया जाएगा।

बूथ स्तर तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता, लाभार्थियों के घर जलाए जाएंगे दीये

अभियान के तहत बीजेपी कार्यकर्ता प्रदेशभर के सभी बूथों पर पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीये जलाएंगे। पार्टी ने इस अभियान को जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019