Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP Swine Flu Alert: भोपाल में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, प्रदेश में 65 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग सतर्क

मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। प्रदेश में इस बीमारी से पहली मौत का मामला सामने आया है। राजधानी भोपाल में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की इलाज के दौरान मौत हुई है।

MP Swine Flu Alert: भोपाल में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, प्रदेश में 65 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग सतर्क
X

भोपाल। मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। प्रदेश में इस बीमारी से पहली मौत का मामला सामने आया है। राजधानी भोपाल में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की इलाज के दौरान मौत हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 65 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से करीब 45 मरीज पिछले 12 दिनों में सामने आए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने निगरानी और जांच व्यवस्था को और तेज कर दिया है।

हार्ट, बीपी और शुगर की बीमारी से पीड़ित थे बुजुर्ग

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, स्वाइन फ्लू से जान गंवाने वाले बुजुर्ग को पहले से ही हार्ट संबंधी परेशानी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी बीमारियां थीं। उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण ज्यादा जोखिम पैदा कर सकता है।

मौसम में बदलाव से बढ़ रहे इंफ्लूएंजा के मामले

विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव, नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल और सांस संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं।डॉक्टरों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के ज्यादातर मरीज सामान्य इलाज और सावधानी से ठीक हो जाते हैं। करीब 95 प्रतिशत मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन बुजुर्गों, बच्चों और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

एम्स में उपलब्ध है जांच की सुविधा

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा मुख्य रूप से एम्स भोपाल में उपलब्ध है। संदिग्ध मरीजों की जांच और निगरानी के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मरीजों की पहचान और उपचार प्रक्रिया को तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सरकार ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

मध्य प्रदेश सरकार ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूर बरतें। डॉक्टरों ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, साफ-सफाई रखने और सर्दी-खांसी, बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019