Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP News : महिला की मौत से पहले का वीडियो वायरल, पति को निर्दोष बताते हुए कही ये बात

दिगौड़ा थाना क्षेत्र में महिला और दो बच्चों की मौत के मामले में सामने आया कथित वीडियो, रश्मि ने पति को झूठे मामले में न फंसाने की अपील की; वीडियो की पुष्टि नहीं

MP News : टीकमगढ़। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के बछोड़ा गांव में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में एक नया घटनाक्रम सामने आया है। महिला रश्मि कुशवाहा का मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को रश्मि का शव खेत में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। वहीं, पास के एक कुएं से उसके दो मासूम बच्चों के शव भी बरामद हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आत्महत्या और हत्या समेत विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की थी।

अब वायरल बताए जा रहे वीडियो में महिला अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बता रही है। वीडियो में वह अपने माता-पिता और परिजनों से अपने पति को किसी झूठे मामले में नहीं फंसाने की बात कहती नजर आ रही है। वह यह भी कह रही है कि उसकी मौत के लिए उसका पति जिम्मेदार नहीं है।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और उसकी परिस्थितियों की जांच कर रही है। वीडियो कब और किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया, इसकी भी पुष्टि की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019