Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP News : नक्सलमुक्त बालाघाट के विकास का नया रोडमैप, 100 गांवों के लिए CM मोहन यादव ने घोषित किए 225 करोड़

मुख्यमंत्री ने ग्राम बोंदारी में ग्रामीणों से किया संवाद, शिक्षा-स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार पर जोर; बैगा समाज के विकास के लिए विशेष योजनाओं को गति देने के निर्देश।

MP News : नक्सलमुक्त बालाघाट के विकास का नया रोडमैप, 100 गांवों के लिए CM मोहन यादव ने घोषित किए 225 करोड़
X

MP News : बालाघाट। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट के नक्सल प्रभावित रहे इलाकों को विकास की नई दिशा देने के लिए 100 गांवों के लिए 225 करोड़ रुपये की विकास और आजीविका पहल की घोषणा की। 29 अगस्त को ग्राम बोंदारी पहुंचे मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पशुपालन समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम से पहले बालाघाट की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगार’ सुनिश्चित करना है। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हुए क्षेत्रों में अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।

100 गांवों में कई क्षेत्रों पर होगा काम

225 करोड़ की इस पहल के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ऊर्जा, शिक्षा, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी, पर्यटन और जनजातीय कार्य समेत विभिन्न विभागों के जरिए विकास कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मकसद सिर्फ सड़क बनाना नहीं है, बल्कि गांवों को बाजार और युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। स्थानीय उद्योगों और MSME को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे।

खेती और स्थानीय उत्पाद बनेंगे आय का आधार

सरकार कृषि, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण को ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साधन के रूप में विकसित करेगी। स्थानीय उत्पादों का गांव स्तर पर मूल्यवर्धन कर उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाने की योजना पर भी काम होगा। महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को छोटे उद्यमों से जोड़ने, जबकि युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर देने पर विशेष फोकस रहेगा। बालाघाट की प्राकृतिक संपदा को देखते हुए ईको-टूरिज्म और ट्राइबल टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

बैगा समाज के विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैगा समाज के सर्वांगीण विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि बैगा परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।

बैगा युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी पारंपरिक कला, संस्कृति, ज्ञान और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलमुक्त बालाघाट उपलब्धि है, लेकिन समृद्ध और आत्मनिर्भर बालाघाट अगला लक्ष्य है। सरकार का प्रयास है कि विकास की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर गांव में सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार हों।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019