MP News : नर्मदा पाइपलाइन की खुली खंती में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
सीहोर के इछावर में L&T की नर्मदा लिंक परियोजना के लिए खोदी गई खंती में भरे पानी में डूबे बच्चे, एक को बचाने उतरे दो अन्य भी हादसे का शिकार.

MP News : सीहोर। जिले के इछावर में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा वार्ड नंबर 12 के मोगरा रोड क्षेत्र में L&T कंपनी द्वारा नर्मदा लिंक परियोजना के लिए खोदी गई खुली खंती में हुआ, जिसमें बारिश के बाद पानी भर गया था।
जानकारी के मुताबिक, सुबाल सिंह के दो बेटे पृथ्वीराज (12) और प्रशांत (16) अपने बुआ के बेटों दीक्षांत और अखिलेश सिंह (14) के साथ खंती में भरे पानी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे बचाने के लिए दो अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने डूब रहे बच्चे को बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान दोनों की हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय तीनों बच्चों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि परियोजना के लिए खोदी गई खंती को खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें पानी भरने के बाद यह हादसा हुआ। मामले में प्रशासन द्वारा घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।


