MP News : सहकारी सोसायटी के प्रभारी प्रबंधक पर EOW का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापा
बालाघाट के लांजी स्थित मनेरी सहकारी सोसायटी में जबलपुर EOW की दबिश, 14 वाहन, मकान और जमीन समेत कई संपत्तियां जांच के दायरे में

MP News : बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने मनेरी सहकारी सोसायटी के प्रभारी प्रबंधक विलास चौरे के ठिकाने पर छापेमारी की है। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर की गई है। EOW की शुरुआती जांच में चौरे के पास कई वाहन और अचल संपत्तियां होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर EOW की टीम ने DSP मनजीत सिंह के नेतृत्व में सुबह कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार विलास चौरे वर्ष 2014 में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर भर्ती हुआ था और बाद में मनेरी सहकारी सोसायटी में प्रभारी प्रबंधक के पद तक पहुंचा।
EOW के मुताबिक उसकी करीब 15 वर्षों की सेवा अवधि में अनुमानित आय करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं जांच के दौरान उसके परिवार से जुड़ी संपत्तियों और वाहनों का बड़ा विवरण सामने आया है।
14 वाहनों का मालिक होने की जानकारी
प्रारंभिक जांच में चौरे के नाम से 14 वाहन होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 5 बस, 2 ट्रैक्टर, 4 चार पहिया वाहन और 3 मोटरसाइकिल शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार बसों में से एक ट्रैवल्स कारोबार के तहत हैदराबाद रूट पर संचालित होने की जानकारी मिली है। वाहन और ट्रैवल्स कारोबार की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया गया है।
मकान और जमीन भी जांच के दायरे में
जांच में लांजी में करीब 10 लाख रुपये की जमीन पर 50 लाख रुपये का मकान होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बिसौनी में भी करीब 10 लाख रुपये की जमीन होने की बात कही गई है।
EOW के मुताबिक पति-पत्नी के नाम से अलग-अलग बैंकों में खाते भी मिले हैं। वहीं ट्रैवल्स कारोबार से जुड़े एक अन्य बैंक खाते को जांच के दौरान सील किया गया है।
फिलहाल EOW की टीम आय, संपत्तियों और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।


