MP News : 2 लाख की रिश्वत लेते CMO गिरफ्तार, बिल पास कराने के लिए मांगी थी 4 लाख की घूस
मंडला नगर पालिका में लोकायुक्त की कार्रवाई, नल-जल योजना के बकाया बिल के भुगतान के एवज में मांगी गई थी रिश्वत; पहली किस्त लेते रंगे हाथ पकड़े गए CMO

MP News : मंडला। मंडला नगर पालिका में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CMO गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नल-जल योजना के तहत किए गए सप्लाई कार्य के बकाया भुगतान का बिल पास कराने के मामले में की गई।
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार ज्ञानचंद बेन ने नल-जल योजना से संबंधित सप्लाई का काम किया था। आरोप है कि बकाया भुगतान का बिल पास कराने के बदले CMO ने कुल 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने लोकायुक्त पुलिस जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने ट्रैप की योजना तैयार की। तय योजना के तहत ठेकेदार रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये लेकर CMO के पास पहुंचा। जैसे ही रिश्वत की रकम CMO को दी गई, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने गजानन नाफड़े को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई की खबर फैलते ही नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया।
दस्तावेजों और फाइलों की जांच जारी
लोकायुक्त टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और संबंधित फाइलों की जांच भी की जा रही है। टीम यह भी पड़ताल कर रही है कि रिश्वतखोरी के मामले में CMO के अलावा नगर पालिका का कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल है या नहीं। मामले में लोकायुक्त की आगे की कार्रवाई जारी है।


