Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP News : मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमृत भारत स्‍टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित टीकमगढ़ रेलवे स्‍टेशन का किया लोकार्पण

MP News : मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमृत भारत स्‍टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित टीकमगढ़ रेलवे स्‍टेशन का किया लोकार्पण
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न राज्यों के आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

रेलवे के आधुनिकीकरण पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के बुनियादी ढांचे में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे अब पारंपरिक तकनीक से आगे बढ़कर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मध्य प्रदेश में 80 अमृत स्टेशन विकसित होंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें बालाघाट, छिंदवाड़ा, घुनघुटी, नैनपुर और ब्यौहारी जैसे पांच स्टेशनों को जनजातीय गौरव स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

बुंदेलखंड के विकास का किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली पहल साबित होगी। उनके अनुसार, यह दुनिया की प्रमुख नदी जोड़ो परियोजनाओं में से एक है, जिससे सिंचाई, पेयजल और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा पलायन की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

यूसीसी पर दिया बयान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि "एक देश, एक विधान और एक प्रधान" की अवधारणा को अपनाया गया है, तो अलग-अलग समुदायों के लिए अलग कानूनों की समीक्षा भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है और संबंधित विषय पर मानसून सत्र में विधायी पहल की जा सकती है।

नक्सलवाद और सामाजिक योजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से देश के कई हिस्सों में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए संस्कार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु सांदीपनि विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।

आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में बड़ा कदम

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल यात्रा केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित करना है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019