Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP Investment Mission : दुबई में CM डॉ. मोहन यादव की ग्लोबल कंपनियों से मुलाकात, लॉजिस्टिक्स-टेक्नोलॉजी से ग्रीन एनर्जी तक निवेश पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस-2026 (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं।

MP Investment Mission : दुबई में CM डॉ. मोहन यादव की ग्लोबल कंपनियों से मुलाकात, लॉजिस्टिक्स-टेक्नोलॉजी से ग्रीन एनर्जी तक निवेश पर हुई चर्चा
X

दुबई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस-2026 (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और औद्योगिक विकास के अवसरों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को वर्ष 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के केंद्र में स्थित होने के कारण निवेशकों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। यहां सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत है, जिससे प्रदेश के उत्पादों को देश और दुनिया के बाजारों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन व्यवस्था से उद्योगों के साथ-साथ किसानों, एफपीओ और एमएसएमई को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप में निवेश की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में ऊर्जा, अधोसंरचना, लॉजिस्टिक्स और नगरीय विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। प्रदेश में पर्याप्त ऊर्जा संसाधन, कुशल मानव संसाधन और निवेश अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं। क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के सीईओ बद्र जाफर के साथ चर्चा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्पादन क्लस्टर्स, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया। इस दौरान ऊर्जा, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश को लेकर भी बातचीत हुई।

पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स हब बनेगा बड़ा व्यापारिक केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिजवान सूमार से मुलाकात कर लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड चेन सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के कृषि उत्पादों और उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी पर निवेश की चर्चा

मुख्यमंत्री ने राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. दर्शन सिंह राणा से मुलाकात कर स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और कृषि मशीनरी जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में भविष्य की तकनीकों और आधुनिक औद्योगिक विकास को लेकर मध्यप्रदेश की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

MP में खुलेंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल कैंपस

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेम्स एजुकेशन कंपनी के चेयरमैन सनी वर्की से भी मुलाकात की। इस दौरान कंपनी ने मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने में रुचि दिखाई। बैठक में शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और आधुनिक पाठ्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। कंपनी ने छात्रों के लिए वैश्विक स्तर की शिक्षा सुविधाएं विकसित करने की इच्छा जताई।



इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थकेयर सेक्टर में निवेश को लेकर चर्चा

मुख्यमंत्री ने ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सीईओ सिद्धार्थ बालाचंद्रन से मुलाकात कर इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर चर्चा की। कंपनी ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया।

लॉजिस्टिक्स पार्क और रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शराफ ग्रुप के सीईओ श्याम कपूर से मुलाकात कर शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। बैठक में इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में रेल-साइडिंग युक्त लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने के प्रस्ताव पर बातचीत हुई। प्रस्तावित परियोजना में करीब 30 से 50 मिलियन डॉलर निवेश की संभावना है, जिससे लगभग 300 से 600 रोजगार अवसर पैदा हो सकते हैं।

भोपाल और इंदौर में बढ़ेंगी वीजा सेवाएं

मुख्यमंत्री ने वीएफएस ग्लोबल के प्रमुख अमित साइचर से भी मुलाकात की। बैठक में भोपाल और इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार, पर्यटन, रोजगार और युवाओं के कौशल विकास पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए हॉस्पिटैलिटी, ट्रैवल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर भी जोर दिया।

चोइथराम समूह करेगा रिटेल और फूड प्रोसेसिंग में निवेश

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समूह चोइथराम के अध्यक्ष एल.टी. पगरानी से मुलाकात कर प्रदेश में व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा की। समूह ने मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में आधुनिक सुपरमार्केट और रिटेल सेंटर स्थापित करने में रुचि दिखाई। इसके साथ ही स्थानीय किसानों और उत्पादकों से सीधे जुड़कर कृषि उत्पादों, फूड प्रोसेसिंग और पैकेजिंग सेक्टर को बढ़ावा देने की योजना पर भी चर्चा हुई।

GIS-2027 के लिए निवेशकों को दिया आमंत्रण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए भरोसेमंद साझेदार है और राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019