MP Crime : 24 घंटे में सुलझा 10 वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला, मामूली विवाद में नाबालिग ने चाकू से उतारा मौत के घाट

MP Crime : शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में 10 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कालापीपल थाना क्षेत्र के ग्राम नांदनी में हुई इस वारदात में एक विधि-विरुद्ध नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना की वजह एक मामूली विवाद था।
पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई को ग्राम नांदनी निवासी 10 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना मिलने के बाद तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पूरी रात पुलिस टीम और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। अगले दिन सुबह गांव के पास स्थित एमपीईबी के एक परित्यक्त भवन से बालक का शव बरामद हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी निमेश देशमुख मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने उन बच्चों से पूछताछ की जो मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए थे। पूछताछ के आधार पर संदेह एक नाबालिग साथी पर गया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मृतक को राजश्री पाउच लाने के लिए भेजा था। लौटने पर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान मृतक पास के खंडहर की ओर भागा, जहां आरोपी ने उसका पीछा किया और चाकू से गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।


