MP Crime : पत्नी और सास की हत्या कर शवों को कमरे में किया बंद, गुजरात से भागा आरोपी जंगल में गिरफ्तार
चरित्र संदेह में दोहरे हत्याकांड को दिया अंजाम, चार दिन तक कमरे में बंद रहे शव; गोहपारू पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी

MP Crime : शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद में पत्नी और सास की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने फरार पति दिनेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी दोनों के शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। चार दिन बाद दुर्गंध आने पर मामले का खुलासा हुआ।
विवाद के दौरान पत्नी और सास पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव निवासी दिनेश रजक की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले की रुचि से हुई थी। 4 अक्टूबर को चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान दिनेश ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रुचि को मायके ले जाने पहुंची उसकी मां सावित्री देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पास में रखी खटिया के पाए से पत्नी और सास पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
चार दिन तक कमरे में बंद रहे शव
दोहरी हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गया। 8 अक्टूबर को बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर दोनों शव बरामद किए। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
गुजरात से भागकर जंगल में छिपा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के गुजरात में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गोहपारू पुलिस की टीम उसकी तलाश में गुजरात पहुंची। हालांकि, पुलिस की भनक लगने पर आरोपी वहां से निकलकर शहडोल के गोहपारू क्षेत्र के जंगलों में छिप गया। पुलिस ने तलाश और घेराबंदी के बाद आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


