Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP Crime : 17 दिन तक घर में छिपा रहा राज, पति की हत्या के बाद अधजले अवशेष रेत में दबाए, बेटे ने खोला पूरा मामला

अलीराजपुर में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, शव जलाकर रेत में छिपाए अवशेष; गुजरात से लौटे बेटे को शक हुआ तो सामने आया 17 दिन पुराना राज

MP Crime : 17 दिन तक घर में छिपा रहा राज, पति की हत्या के बाद अधजले अवशेष रेत में दबाए, बेटे ने खोला पूरा मामला
X

MP Crime : अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। उदयगढ़ थाना क्षेत्र के तांबी आम्बा गांव के पुजारा फलिया में एक महिला पर अपने पति की हत्या करने और वारदात के सबूत मिटाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद महिला ने शव को घर के पीछे बने कमरे में जलाने की कोशिश की और अधजले अवशेषों को रेत के ढेर में छिपा दिया। करीब 17 दिनों तक यह मामला सामने नहीं आया।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतक का बड़ा बेटा राहुल गुजरात से मजदूरी छोड़कर गांव लौटा। ग्रामीणों ने उसे बताया कि उसके 50 वर्षीय पिता रामा कई दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं। पिता के अचानक गायब होने पर राहुल को अपनी मां नहजुबाई पर संदेह हुआ।

राहुल ने घर पहुंचकर मां से पिता के बारे में पूछताछ की, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसने घर की तलाशी ली। पीछे के कमरे में रेत के ढेर को हटाने पर उसे मानव शरीर के अधजले अवशेष दिखाई दिए। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पहचान मिटाने की भी कोशिश

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के बाद शव को जलाते समय आरोपी महिला ने उसके ऊपर लोहे का ड्रम रख दिया था। शव पूरी तरह नहीं जल सका, जिसके बाद सिर, हाथ-पैर समेत अन्य अवशेषों को रेत में दबा दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान मिटाने के लिए उसके पहचान पत्र, अन्य सरकारी दस्तावेज और तस्वीरें भी जला दी गईं।

चरित्र को लेकर विवाद के बाद हत्या का आरोप

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर महिला ने लट्ठ से हमला कर पति की हत्या कर दी।

SDOP जोबट आशुतोष पटेल के अनुसार, बेटे की सूचना पर पुलिस ने कमरे से मानव अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए इंदौर भेजे हैं। आरोपी महिला नहजुबाई के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019