Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP Crime : दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों की गोली से युवक की मौत

टीकमगढ़ के दिगौड़ा में बाइक सवार बदमाशों ने किए तीन राउंड फायर, अस्पताल में इलाज के दौरान तुलसी अहिरवार की मौत, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

MP Crime : दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों की गोली से युवक की मौत
X

MP Crime : टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। दिगौड़ा कस्बे के अंबेडकर मोहल्ले में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8 बजे की है। दिगौड़ा कस्बे के अंबेडकर मोहल्ले में बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और तीन राउंड फायर किए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान तुलसी अहिरवार को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोलीकांड के बाद परिजन घायल तुलसी अहिरवार को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा और जतारा एसडीओपी अनिल कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या कोई अन्य वजह थी। फरार हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। फिलहाल वारदात के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019