Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP : CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, किसानों की बनेगी फार्मर आईडी; खाद के लिए मिलेगा ब्याज मुक्त एडवांस

मुख्यमंत्री ने सभी किसानों से अपनी Farmer ID जरूर बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल पहचान बनने से किसानों को सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

MP : CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, किसानों की बनेगी फार्मर आईडी; खाद के लिए मिलेगा ब्याज मुक्त एडवांस
X

शिवपुरी। मध्य प्रदेश में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और कृषि व्यवस्था को आसान बनाने के लिए Farmer ID अभियान की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली से शिवपुरी की पिपरसमा कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि 20 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान के तहत किसानों को अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। सरकारी दल गांव और खेतों तक पहुंचकर किसानों की Farmer ID तैयार करेंगे।

हर किसान से Farmer ID बनवाने की अपील

मुख्यमंत्री ने सभी किसानों से अपनी Farmer ID जरूर बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल पहचान बनने से किसानों को सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। सरकार का प्रयास है कि तकनीक के जरिए किसान और सरकारी व्यवस्था के बीच की दूरी कम की जाए।

शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा अग्रिम खाद

किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि पैसे की कमी के कारण किसी किसान की खेती प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसान के माथे पर चिंता की एक भी लकीर न आए और समय पर खाद-बीज की व्यवस्था सुनिश्चित हो।

सिर्फ पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें किसान

डॉ. यादव ने किसानों से आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ दूसरे क्षेत्रों को भी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान बागवानी, डेयरी फार्मिंग, मत्स्य पालन और पशुपालन को भी अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित करें। उन्होंने कहा कि शिवपुरी के किसान अपनी मेहनत से पूरे देश में पहचान बना रहे हैं। जिले की मूंगफली की मांग और पहचान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़कर किसानों की आय में और वृद्धि की जा सकती है।

शिवपुरी को कृषि का सिरमौर बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी में प्राकृतिक संसाधनों और जल उपलब्धता की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने जिले से जुड़ी नदियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और किसानों के साझा प्रयास से शिवपुरी को कृषि क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाया जा सकता है। उन्होंने बलराम जयंती को किसानों के स्वाभिमान और परिश्रम से जोड़ते हुए महान क्रांतिकारी तात्या टोपे के बलिदान को भी याद किया।

अब 31 मार्च की समय सीमा में नहीं चुकाना होगा कृषि ऋण

किसानों को ऋण चुकाने की व्यवस्था में भी बदलाव की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को ऋण की राशि 31 मार्च तक जमा करनी होती थी, लेकिन अब यह बाध्यता समाप्त कर दी गई है। किसान एक वर्ष के भीतर किसी भी समय ऋण चुका सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे किसानों पर एक निश्चित समय सीमा का दबाव कम होगा और उन्हें अपनी आय के अनुसार भुगतान करने में सुविधा मिलेगी।

e-Vikas 2.0 से खाद खरीदना हुआ आसान

मुख्यमंत्री ने e-Vikas 2.0 व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम को किसान हितैषी बनाया गया है, ताकि किसान अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक खरीद सकें। नई व्यवस्था में किसान अपनी पसंद का कोई एक उर्वरक बिना अनिवार्य संयोजन के खरीद सकेंगे। सरकार का उद्देश्य खाद वितरण की प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाना है।

चना और गन्ना किसानों को दिन में मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने किसानों को बिजली के संबंध में भी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले साल चना और गन्ने की फसल लेने वाले किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे रात के समय खेतों में सिंचाई करने की मजबूरी कम होगी और किसानों को पूरी रात जागकर बिजली का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार का लक्ष्य कृषि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

खेती के साथ पर्यटन और होम-स्टे से भी कमाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अब खेती के अलावा अन्य गतिविधियों से भी आय बढ़ा रहे हैं। उन्होंने होम-स्टे की बढ़ती अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण पर्यटन से किसानों और स्थानीय परिवारों को अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिल सकते हैं। शिवपुरी में माधव टाइगर रिजर्व की मौजूदगी को देखते हुए उन्होंने पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

किसान सम्मान निधि से सालाना ₹12 हजार की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र और राज्य सरकार को मिलाकर किसानों को हर वर्ष ₹12,000 की आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे किसान खाद, बीज और अन्य कृषि जरूरतों के लिए समय पर संसाधन जुटा सकते हैं।

रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची राशि

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के किसानों और महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि त्योहार से पहले लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी गई है, ताकि बहनें बिना आर्थिक चिंता के रक्षाबंधन का त्योहार मना सकें।

बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

शिवपुरी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में विधायक देवेंद्र जैन, महेंद्र सिंह यादव, रमेश प्रसाद खटीक, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019