MP Accident : जन्माष्टमी की रात दर्दनाक हादसा, मंदिर से लौट रहीं 3 महिलाओं को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
मुरैना के घिरोना हनुमान मंदिर के पास NH-44 पर हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आईं तीनों महिलाएं; चालक हिरासत में।

MP Accident : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जन्माष्टमी के जश्न के बीच दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियां मातम में बदल दीं। घिरोना हनुमान मंदिर से जन्मोत्सव देखकर पैदल घर लौट रहीं तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना NH-44 पर घिरोना हनुमान मंदिर के पास देर रात हुई। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। जन्माष्टमी कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे पैदल अपने घर जा रही थीं, तभी ग्वालियर की ओर से दिल्ली की तरफ जा रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद दुकानों में जा घुसा ट्रक
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन से हटाने के दौरान स्टेयरिंग में खराबी और ब्रेक फेल होने की आशंका सामने आई है। प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग लॉक होने या ब्रेक काम नहीं करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी।
ट्रक चालक हिरासत में
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। तीनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


