MP : लाड़ली बहनों और CISF महिला जवानों ने CM मोहन यादव को बांधी राखी, बोले- हर बहन की खुशहाली मेरा संकल्प
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने स्नेह और विश्वास के साथ राखी बांधी।

ग्वालियर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने स्नेह और विश्वास के साथ राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री के माथे पर रोली का तिलक लगाया और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अतिरिक्त राशि के लिए CM को दिया धन्यवाद
रक्षाबंधन पर लाड़ली बहना योजना के तहत अतिरिक्त आर्थिक सहायता दिए जाने को लेकर बहनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र भी सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन का पर्व उनके लिए और खास हो गया है।मुख्यमंत्री ने बहनों के इस स्नेह को स्वीकार करते हुए कहा कि भाई-बहन का रिश्ता केवल एक दिन या त्योहार तक सीमित नहीं होता। यह जीवनभर के भरोसे, स्नेह और जिम्मेदारी से जुड़ा रिश्ता है।
हर बहन की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की हर बहन परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बेटियां सुरक्षित रहें, महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार लगातार योजनाएं और कार्यक्रम संचालित कर रही है। उनका लक्ष्य है कि प्रदेश की महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान रहे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार मिले।
CISF की महिला जवानों ने भी बांधी राखी
ग्वालियर एयर टर्मिनल पर तैनात CISF की दो महिला सुरक्षा कर्मियों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को राखी बांधी। महाराष्ट्र निवासी रासकर अश्विनी और राजस्थान निवासी पूनम यादव इस बार ड्यूटी के कारण अपने घर नहीं जा सकीं। राखी बांधते समय दोनों महिला कर्मी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्होंने परिवार से दूर रहते हुए भी रक्षाबंधन का पर्व अपने भाई के साथ मनाया हो।
मुख्यमंत्री ने बहनों को दिया भरोसे का संदेश
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र धागा उन्हें प्रदेश की महिलाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी की लगातार याद दिलाता रहेगा। उन्होंने बहनों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करती रहेगी।
औद्योगिक कार्यक्रम के सिलसिले में ग्वालियर पहुंचे थे CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज की चौथी यूनिट का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे ट्रांजिट विजिट पर ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुंचे, जहां लाड़ली बहनों और महिला सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें राखी बांधी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


