Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP News : इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी; अब 17 किमी रूट पर दौड़ेगी मेट्रो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन से इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

MP News : इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी; अब 17 किमी रूट पर दौड़ेगी मेट्रो
X

Indore Metro: इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन से इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। तीनों नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांदीपनि विद्यालय के बच्चों के साथ मेट्रो में सफर भी किया और उनसे बातचीत कर पढ़ाई एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

इंदौर की रफ्तार को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर मेट्रो परियोजना का दूसरा चरण सिर्फ शहर के लिए नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में शहरी परिवहन व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। इससे पहले भोपाल में भी मेट्रो सेवा शुरू की गई थी और अब इंदौर में भी मेट्रो का विस्तार शहर की कनेक्टिविटी को नई गति देगा।सीएम ने कहा कि आने वाले समय में इंदौर मेट्रो आम नागरिकों की रोजमर्रा की यात्रा का अहम हिस्सा बनेगी और इससे लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी।

बापट चौराहे से गांधी नगर तक हुआ सफर

उद्घाटन के बाद मेट्रो ट्रेन ने बापट चौराहा स्टेशन से गांधी नगर स्टेशन तक सफर पूरा किया। इस रूट में कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो ट्रेन बापट चौराहा से होते हुए हीरा नगर, चंद्रगुप्त चौराहा, आईएसबीटी, एमआर-10, भंवरासला चौराहा और सुपर कॉरिडोर से होकर गांधी नगर स्टेशन पहुंची।

हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो सेवा

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इंदौर मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो ट्रेन हर 15 मिनट के अंतराल पर संचालित होगी और प्रतिदिन 70 से ज्यादा फेरे लगाएगी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मेट्रो शुभारंभ कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और मेट्रो परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत को शहर के विकास और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019