Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Indore Drug Seizure: थार की स्टेपनी में छिपी थी 5.69 करोड़ की एम्फेटामाइन, DRI-CBN ने 3 तस्करों को पकड़ा

इंदौर में ड्रग तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में एम्फेटामाइन जब्त की है।

Indore Drug Seizure: थार की स्टेपनी में छिपी थी 5.69 करोड़ की एम्फेटामाइन, DRI-CBN ने 3 तस्करों को पकड़ा
X

इंदौर। इंदौर में ड्रग तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में एम्फेटामाइन जब्त की है। टीम ने महिंद्रा थार की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखी गई 7.116 किलो एम्फेटामाइन बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.69 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में वाहन सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

टोल प्लाजा पर रोकने की कोशिश, बैरिकेड तोड़कर भागी थार

जानकारी के मुताबिक, DRI को सूचना मिली थी कि कर्नाटक नंबर की महिंद्रा थार से साइकोट्रोपिक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर 30 सितंबर की सुबह DRI और CBN की टीम ने उज्जैन-देवास टोल प्लाजा के पास बांगर इलाके में निगरानी शुरू की। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर वाहन लेकर फरार हो गया।

डेढ़ घंटे तक चला पीछा, पेट्रोल पंप के पास पकड़ा वाहन

वाहन के भागने के बाद दोनों एजेंसियों की टीम ने उसका पीछा शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद संदिग्ध थार को इंदौर के बिचौली मर्दाना इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास रोक लिया गया। वाहन में सवार तीनों लोगों को हिरासत में लेने के बाद थार को इंदौर स्थित कार्यालय लाया गया, जहां उसकी विस्तृत तलाशी ली गई।

स्टेपनी के अंदर मिले 21 पैकेट

तलाशी के दौरान अधिकारियों को वाहन के पिछले हिस्से में लगी स्टेपनी पर संदेह हुआ। जांच करने पर स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखे गए 21 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में सफेद-पीले रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ के एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई।

5.69 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त

अधिकारियों ने सभी पैकेटों से कुल 7.116 किलो एम्फेटामाइन बरामद की। जब्त ड्रग की अनुमानित कीमत करीब 5.69 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा थार को भी जब्त कर लिया गया है।

तीनों आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में DRI ने वाहन सवार तीनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एम्फेटामाइन की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019