Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Gwalior TMZ के लिए बेंगलुरु में रोड शो, CM मोहन यादव और सिंधिया ने निवेशकों से किया संवाद

ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया।

Gwalior TMZ के लिए बेंगलुरु में रोड शो, CM मोहन यादव और सिंधिया ने निवेशकों से किया संवाद
X

बेंगलुरु। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। रोड शो के साथ आयोजित इन्वेस्टर्स राउंड टेबल बैठक में टेलीकॉम सेक्टर से जुड़े प्रमुख उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। बैठक में ग्वालियर TMZ में निवेश की संभावनाओं, राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों और टेलीकॉम क्षेत्र में नए अवसरों पर चर्चा की गई।

टेलीकॉम निर्माण और रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में निवेशकों के सामने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की खूबियों और उपलब्ध सुविधाओं का प्रेजेंटेशन दिया गया। इस दौरान टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण के साथ-साथ रिसर्च, इनोवेशन और तकनीकी विकास के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर भी मंथन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक विशेष परियोजना तैयार की गई है, जो बड़े निवेशकों को अपने कारोबार के विस्तार का अवसर देगी।

एक रुपये में जमीन आवंटन समेत कई सुविधाओं का प्रस्ताव

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष नीतियां तैयार कर रही है। इसके तहत उद्योगों के लिए जमीन, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो, जिससे बड़े निवेशक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हों।

ग्वालियर से जुड़ेगा टेलीकॉम सेक्टर का नया हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेलीकॉम सेक्टर में एक नई औद्योगिक लाइन विकसित हो रही है, जो दिल्ली के नजदीकी क्षेत्र से होकर ग्वालियर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।

सिंधिया बोले- मेक इन इंडिया को मिलेगी नई ताकत

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए बेंगलुरु में आयोजित रोड शो का उद्देश्य निवेशकों को मध्यप्रदेश से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ विजन के तहत भारत को केवल सर्विस सेक्टर तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन भारत को वैश्विक स्तर पर निर्माण क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019