MP News : लोकायुक्त ने की कार्रवाई, नामांतरण के लिए 30 हजार की रिश्वत मांगने वाला पटवारी गिरफ्तार
नगरीय प्रशासन और श्रम विभाग समेत कई अहम पदों में बदलाव, नारायणपुर जिला पंचायत CEO और PSC परीक्षा नियंत्रक की भी हुई नई नियुक्ति

MP News : भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जमीन के नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने वाले पटवारी को 5 हजार रुपये की पहली किस्त लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता राघवेंद्र बघेल ने करीब तीन महीने पहले सीमरा गांव में अपनी पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन का नामांतरण कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में मेहगांव के सीमरा हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल ने 30 हजार रुपये की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त से की। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम दो किस्तों में देने पर सहमति बनी थी। इसी के तहत पटवारी पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लेने के लिए भिंड के भारौली रोड स्थित एक ऑनलाइन सेंटर पर पहुंचा था। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी पटवारी को अपने साथ लेकर मेहगांव रेस्ट हाउस पहुंची, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।


