Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

रील बनाने के लिए लीक की LPG सिलेंडर!, ब्लास्ट के बाद अस्पताल में भर्ती, एक की मौत

Leaked LPG cylinder to make reel!, hospitalized after blast, one dead
X

Leaked LPG cylinder to make reel!, hospitalized after blast, one dead

भोपाल: ग्वालियर में सोशल मीडिया रील बनाने का जुनून एक युवक और महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। यह दर्दनाक घटना 5 मार्च की रात गोला का मंदिर क्षेत्र में स्थित लेगेसी प्लाजा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई। पुलिस जांच के अनुसार, मृतक अनिल राणा और घायल रंजना राणा रात 11 बजे से लेकर 2 बजे तक एक LPG सिलेंडर से गैस धीरे-धीरे लीक कर रहे थे। उनका उद्देश्य धुएं और बादलों के बीच से निकलने का नाटकीय सीन शूट करना था। इस दौरान करीब 7 किलो गैस फ्लैट में भर गई। जैसे ही अनिल ने LED लाइट चालू की, जोरदार धमाका हुआ, जिसने फ्लैट की दीवारों को तोड़ दिया और आसपास के फ्लैटों के शीशे भी चूर-चूर कर दिए।

हादसे में युवक की मौत, महिला जिंदगी के लिए जंग लड़ रही
धमाके में अनिल राणा 95% और रंजना राणा 80% तक झुलस गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान अनिल की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों का कहना है कि रंजना की हालत भी लगातार बिगड़ती जा रही है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।

रील बनाने का था शौक, पहले भी कर चुके थे ऐसे प्रयोग
पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अनिल और रंजना को वीडियो बनाने का गहरा शौक था। वे पहले भी कई बार गैस लीक कर धुआं पैदा करने का तरीका आजमा चुके थे। अनिल ने यह तरकीब इंटरनेट से सीखी थी और पहले तीन-चार बार खुले स्थान पर ऐसा कर चुका था, जिसके चलते कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। लेकिन इस बार बंद फ्लैट में गैस भरने की वजह से विस्फोट इतना जबरदस्त हुआ कि जानलेवा हादसा हो गया। पुलिस को अनिल के मोबाइल से 23 वीडियो मिले हैं, जिनमें 17 वीडियो 30-40 सेकंड और 6 वीडियो 15-20 सेकंड के हैं। इनमें गैस के साथ शूटिंग करते हुए दोनों साफ दिखाई दे रहे हैं।

परिवार ने रंजना पर लगाए गंभीर आरोप
हादसे के बाद अनिल के परिजनों ने रंजना पर गंभीर इल्जाम लगाए हैं। उनका दावा है कि रंजना ने अनिल को ब्लैकमेल करके फ्लैट में बुलाया था। परिजनों के इस आरोप के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई और वजह भी थी।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज से मिले सबूत
पुलिस ने अनिल और रंजना के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। लेगेसी प्लाजा के CCTV फुटेज में दोनों को फ्लैट में प्रवेश करते और हादसे के बाद बाहर भागते हुए देखा गया है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों ने पहले कितनी बार और किन परिस्थितियों में इस तरह की रील बनाई थीं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस हादसे में लापरवाही के अलावा कोई अन्य कारक भी शामिल था।

सोशल मीडिया का खतरनाक जुनून
यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में जान जोखिम में डालने का एक और उदाहरण है। ग्वालियर का यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए त्रासदी बन गया, बल्कि यह भी सवाल उठाता है कि आखिर लोग कब तक ऐसे खतरनाक स्टंट करते रहेंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019