हवाई में किलाउआ ज्वालामुखी से लावा फूटा, 150 फुट से ज्यादा ऊंचाई तक पहुंचा लावा का फव्वारा

Lava erupts from Kilauea volcano in Hawaii, fountain of lava reaches more than 150 feet height
Lava erupts from Kilauea volcano in Hawaii, fountain of lava reaches more than 150 feet height
होनोलूलू (अमेरिका)। अमेरिका के हवाई राज्य में मंगलवार को किलाउआ ज्वालामुखी से लावा का जोरदार फव्वारा फूटा, जो 150 फीट से भी अधिक ऊंचाई तक पहुंच गया। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि रुक-रुक कर हो रहे विस्फोटों के कारण लावा और ऊंचाई तक जा सकता है।
हवाई के बिग आइसलैंड पर स्थित ‘हवाई वोलकेनोज़ नेशनल पार्क’ में मौजूद किलाउआ ज्वालामुखी, जो दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है, पिछले साल 23 दिसंबर से सक्रिय है। तब से इसके शिखर पर लगातार विस्फोट हो रहे हैं। मंगलवार को हुआ विस्फोट इस श्रृंखला का 12वां विस्फोट था।
हवाई ज्वालामुखी वेधशाला के अनुसार, मंगलवार सुबह लावा का प्रवाह हल्का था, लेकिन दोपहर तक इसमें तेजी आ गई। लावा के फव्वारे 150 से 165 फीट की ऊंचाई तक पहुंचे। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि विस्फोट की तीव्रता को देखते हुए लावा और ऊंचाई तक जा सकता है।
फिलहाल, इस ज्वालामुखी गतिविधि से किसी भी रिहायशी इलाके को खतरा नहीं है। हवाई वोलकेनोज़ नेशनल पार्क के अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, लेकिन स्थिति को नियंत्रण में बताया है। वैज्ञानिक इस गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी संभावित बदलाव का समय रहते पता लगाया जा सके।
किलाउआ ज्वालामुखी अपनी लगातार गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध है और यह हवाई द्वीप के प्राकृतिक आकर्षणों में से एक है। हालांकि यह विस्फोट खतरनाक नहीं माना जा रहा, लेकिन इसकी भव्यता और शक्ति देखते ही बनती है।


