WPL 2027 मिनी ऑक्शन आज: 146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, 27 को मिलेगा मौका; यूपी वॉरियर्स के पास सबसे बड़ा पर्स
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें ऑक्शन?

नई दिल्ली/कोच्चि: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी बुधवार, 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी। इसमें 146 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, जबकि पांचों फ्रेंचाइजी को कुल 27 खिलाड़ियों को खरीदना है। इनमें 20 स्लॉट भारतीय खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। नीलामी में जी. कमलिनी, स्नेह राणा, तेजल हसबनीस, ग्रेस हैरिस और सोफी मोलिन्यू जैसी खिलाड़ियों पर नजर रहेगी।
यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा पैसा
नीलामी में यूपी वॉरियर्स 3.75 करोड़ रुपए के सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेगी। टीम को आठ खिलाड़ी खरीदने हैं, जिनमें तीन विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। गुजरात जायंट्स के पास 1.25 करोड़, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 1.15 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 1.10 करोड़ रुपए बचे हैं।
मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम बजट
मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 90 लाख रुपए हैं। टीम को छह खिलाड़ियों की जगह भरनी है और सभी स्लॉट भारतीय खिलाड़ियों के लिए हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी को सीमित बजट में टीम की जरूरतों के मुताबिक खिलाड़ी चुनने होंगे।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी, ऑलराउंडर स्नेह राणा और बल्लेबाज तेजल हसबनीस के अलावा ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस और सोफी मोलिन्यू जैसी विदेशी खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। इंग्लैंड की सोफिया डंकले भी नीलामी में प्रमुख नामों में शामिल हैं।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें ऑक्शन?
जानकारी के मुताबिक, नीलामी का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। WPL 2027 का आयोजन जनवरी में प्रस्तावित है।


