Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

WPL 2027 Auction: सोफी मोलिनक्स पर बरसे करोड़ों, RCB और यूपी वॉरियर्स ने पलटी बाजी; देखें किसे मिला खरीदार

WPL 2027 मिनी-ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिनक्स को UP Warriorz ने ₹1.10 करोड़ में खरीदा। किरण नवगिरे पर दिल्ली ने दांव खेला। पढ़ें पूरी अपडेट्स।

WPL 2027 Auction: सोफी मोलिनक्स पर बरसे करोड़ों, RCB और यूपी वॉरियर्स ने पलटी बाजी; देखें किसे मिला खरीदार
X

कोच्चि। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के पांचवें सीजन का बिगुल बज चुका है। कोच्चि के ग्रैंड हयात में आयोजित मिनी-ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर थी, जिसमें से 5 फ्रेंचाइजियों ने अपने खाली स्लॉट्स भरने के लिए जमकर बोलियां लगाईं। इस नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सोफी मोलिनक्स का जलवा देखने को मिला, जिन्हें यूपी वॉरियर्स ने 1.10 करोड़ रुपये की सबसे भारी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया।

सोफी मोलिनक्स पर यूपी ने लगाया सबसे बड़ा दांव

ऑक्शन में सबसे बड़े पर्स (3.75 करोड़ रुपये) के साथ उतरी यूपी वॉरियर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सोफी मोलिनक्स के अलावा यूपी ने भारत की अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा (30 लाख रुपये), ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस (30 लाख रुपये) और अनुभवी विकेटकीपर सुषमा वर्मा (10 लाख रुपये) को खरीदकर अपने ऑलराउंड सेक्शन और मध्यक्रम को बेहद मजबूत कर लिया।

आरसीबी ने आखिरी वक्त में पलटी बाजी

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शुरुआती राउंड में गजब का धैर्य दिखाया और एक भी खिलाड़ी पर बोली नहीं लगाई। हालांकि, एक्सीलरेटेड फेज़ (आखिरी दौर) में आरसीबी ने रणनीतिक चाल चलते हुए बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को बेहद सस्ते दामों में अपने नाम किया। आरसीबी ने ऑस्ट्रेलिया की जेस जोनासेन (40 लाख रुपये), दक्षिण अफ्रीका की क्लो ट्रायॉन (30 लाख रुपये), भारत की तेजल हसब्निस (30 लाख रुपये) और वृंदा दिनेश (10 लाख रुपये) को टीम में शामिल किया।

दिल्ली, मुंबई और गुजरात की रणनीति

भारतीय आक्रामक बल्लेबाज किरण नवगिरे पर दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाई। इसके साथ ही दिल्ली ने इंग्लैंड की स्पिनर कर्स्टी गॉर्डन (10 लाख रुपये) और उमा काश्वी को जोड़ा।

वहीं, मुंबई इंडियंस ने घरेलू युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताते हुए श्वेता सहरावत (20 लाख रुपये), लतिका इनामदार, सानिका चालके और भारती रावल (सभी 10-10 लाख रुपये) को खरीदा। गुजरात जायंट्स ने ऑलराउंडर जी. कमलिनी (40 लाख रुपये) और आयरलैंड की स्टार खिलाड़ी ऑर्ला प्रेंडरगास्ट (30 लाख रुपये) को अपने दल में शामिल किया।

कई स्टार इंटरनेशनल खिलाड़ी रहीं अनसोल्ड

सीमित स्लॉट होने की वजह से कई बड़े चेहरों को खरीदार नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज टायला व्लाएमिंक, टेस फ्लिंटॉफ, न्यूजीलैंड की रोज़मेरी मैयर और भारतीय विकेटकीपर तानिया भाटिया, नुज़हत परवीन व साइमा ठाकोर इस ऑक्शन में अनसोल्ड रहीं।

बता दें कि महिला प्रीमियर लीग का 5वां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा, जहां सभी टीमें नए कॉम्बिनेशन के साथ ट्रॉफी की जंग में उतरेंगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019