Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, लखनऊ के रमाडा होटल में होगा भव्य समारोह

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रहे हैं।

Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, लखनऊ के रमाडा होटल में होगा भव्य समारोह
X

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख सामने आ गई है। जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का विवाह समारोह 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में आयोजित किया जाएगा।

क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इन दोनों चर्चित चेहरों की शादी को लेकर उनके परिवार और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शादी समारोह में खेल जगत, राजनीति और समाज से जुड़े कई बड़े चेहरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

पिछले साल हुई थी सगाई

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई पिछले साल लखनऊ के सेंट्रम होटल में परिवार के करीबी सदस्यों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुई थी। सगाई समारोह काफी निजी और सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया था। इसके बाद दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुट गए थे, लेकिन पारिवारिक कारणों से विवाह की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी थी। अब दोनों परिवारों ने शादी के लिए 4 दिसंबर की तारीख तय की है।

पिता के निधन के बाद टल गई थी शादी

बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी पहले वाराणसी के ताज होटल में होने वाली थी, लेकिन रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद विवाह कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया था। अब परिवार ने नई तारीख तय करते हुए लखनऊ में भव्य समारोह आयोजित करने का फैसला लिया है।

प्रिया सरोज हैं मछलीशहर से सांसद

प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। वह पूर्व सांसद तूफानी सरोज की बेटी हैं और कम उम्र में ही राजनीति में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वहीं रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए बल्लेबाजों में शामिल हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।

रिंकू सिंह का शानदार क्रिकेट करियर

रिंकू सिंह भारतीय टीम के लिए अब तक 2 वनडे और 48 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 35 पारियों में 702 रन बनाए हैं। उनका टी20 में बल्लेबाजी औसत करीब 36.94 और स्ट्राइक रेट 156.34 रहा है। रिंकू अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आखिरी ओवरों में बड़े शॉट लगाने की क्षमता के लिए क्रिकेट फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019