Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

एशियन पैरा गेम्स में भारत ने पहले दिन जीते 11 मेडल, 4 गोल्ड पर कब्जा, शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की

पदक तालिका में चौथे स्थान पर भारत

एशियन पैरा गेम्स में भारत ने पहले दिन जीते 11 मेडल, 4 गोल्ड पर कब्जा, शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की
X

नई दिल्ली: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन किया। सोमवार को भारत ने 4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज समेत कुल 11 पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया। शूटिंग, पैरा एथलेटिक्स, जूडो और स्विमिंग में खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।

मोना अग्रवाल ने शूटिंग में जीता गोल्ड

महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने 250.0 अंक के साथ गोल्ड जीता। उन्होंने अपनी ही देश की दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा को 0.4 अंक से पीछे छोड़ा। अवनि ने 249.6 अंक के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। मोना के इस प्रदर्शन से भारत को 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक के लिए दूसरा कोटा स्थान भी मिला।

निषाद, सौम्या और रिंकू ने चमकाया नाम

पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप T47 स्पर्धा में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड जीता। सौम्या ने महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 दौड़ 5 मिनट 12.39 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भाला फेंक F46 स्पर्धा में रिंकू ने 65.11 मीटर के थ्रो से गोल्ड और अजीत सिंह ने 65.02 मीटर के साथ सिल्वर जीता। रवन्नी वलासनैनी को भी कांस्य पदक मिला।

जूडो और स्विमिंग में भी पदक

जूडो में कोकिला ने महिलाओं के J2-52 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर जीता, जबकि कपिल परमार ने पुरुषों के J1-70 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज हासिल किया। स्विमिंग में रवि कार्तिक बुडिगिना ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में 56.68 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।

शीतल देवी ने बनाया रिकॉर्ड

तीरंदाज शीतल देवी ने महिलाओं के कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने राकेश कुमार के साथ मिक्स्ड टीम स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।

टेबल टेनिस और बैडमिंटन में पदक पक्के

टेबल टेनिस में भाविना पटेल, सोनलबेन और प्राची पांडे ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत के लिए तीन वर्गों में पदक पक्के किए। बैडमिंटन में नितेश कुमार और थुलासिमथी मुरुगेसन की जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। नितेश और रुथिक रघुपति ने एकल मुकाबलों में भी जीत दर्ज की। भारतीय खिलाड़ियों से अगले दिन भी पदकों की संख्या बढ़ाने की उम्मीद रहेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019