Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

IND vs AFG 1st T20: अफगानिस्तान ने भारत को दिया 157 रन का लक्ष्य, उमरजई की तूफानी पारी; अर्शदीप ने झटके 3 विकेट

IND vs AFG 1st T20: अफगानिस्तान ने भारत को दिया 157 रन का लक्ष्य, उमरजई की तूफानी पारी; अर्शदीप ने झटके 3 विकेट
X

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 157 रन का लक्ष्य रखा है। अफगान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने दबाव के बीच तूफानी अंदाज में 64 रन की पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए।

अर्शदीप ने बरपाया कहर, शुरुआती झटकों से दबाव में आया अफगानिस्तान

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद चौथे ओवर में कप्तान इब्राहिम जादरान रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती विकेट गिरने से अफगानिस्तान दबाव में आ गया। इसके बाद सेदिकुल्लाह अटल ने 13 गेंदों में 13 रन बनाए, लेकिन उन्हें अर्शदीप सिंह ने अपना शिकार बनाया। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने दरविश रसूली को क्लीन बोल्ड कर भारत को एक और सफलता दिलाई।

नबी और उमरजई ने संभाली पारी

लगातार विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान की पारी को अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी ने संभाला। नबी ने 27 गेंदों में 33 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन अर्शदीप सिंह ने उन्हें आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। इसके बाद उमरजई ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया और अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों में 50 रन पूरे किए, जिसमें चौके और छक्कों की शानदार झलक देखने को मिली।

आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने दिए 21 रन

अफगानिस्तान की पारी के आखिरी ओवर में भारतीय गेंदबाज शिवम दुबे महंगे साबित हुए। उनके ओवर में अफगान बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे। उमरजई ने इस ओवर में दो छक्के लगाए, जबकि रहमान ने दो चौके जड़े। इस धमाकेदार आखिरी ओवर की बदौलत अफगानिस्तान 150 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहा।

राशिद खान नहीं दिखा पाए कमाल

अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान इस मुकाबले में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने 10 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 1 रन बना पाए। वहीं नूर अहमद अपना खाता भी नहीं खोल सके। अब भारतीय टीम के सामने 157 रन का लक्ष्य है और बल्लेबाजों पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019