BCCI ने IPL गवर्निंग काउंसिल के 2 पदों पर चुनाव का किया ऐलान, धूमल और मजूमदार की वापसी लगभग तय
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद 12 सितंबर को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

BCCI IPL Governing Council Election: नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों पदों के लिए चुनाव 18 सितंबर को होने वाली बोर्ड की सालाना आम बैठक (AGM) में कराया जाएगा। चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने बीसीसीआई संविधान के नियम 28 के तहत चुनाव का नोटिस जारी किया है।
AGM में होगा दो सदस्यों का चुनाव
बीसीसीआई के संविधान के मुताबिक आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में आम सभा की ओर से चार सदस्य चुने जाते हैं। इनमें से दो सदस्यों के लिए चुनाव प्रक्रिया एजीएम के दौरान पूरी की जाती है। इस बार जिन दो पदों पर चुनाव होना है, उन पर फिलहाल हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के प्रतिनिधि खैरुल जमाल मजूमदार काबिज हैं। दोनों के दोबारा गवर्निंग काउंसिल में बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
निर्विरोध चुनाव की उम्मीद
अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार के फिर से चुने जाने की उम्मीद इसलिए ज्यादा है क्योंकि दोनों के खिलाफ अन्य उम्मीदवारों के मैदान में उतरने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है। दोनों उम्मीदवारों को 9 या 10 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करना होगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद 12 सितंबर को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। यदि किसी पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार सामने आते हैं, तो 18 सितंबर को AGM के दौरान मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
7 सदस्यों की होती है IPL गवर्निंग काउंसिल
आईपीएल के संचालन और उससे जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों के लिए गवर्निंग काउंसिल की भूमिका अहम होती है। इस परिषद में कुल सात सदस्य होते हैं। इनमें बीसीसीआई की आम सभा द्वारा चुने गए चार प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इसके अलावा बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट पदेन सदस्य के तौर पर परिषद का हिस्सा हैं। गवर्निंग काउंसिल में तीन अन्य प्रतिनिधित्व भी शामिल होता है, जिसमें बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि और भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) द्वारा नामित सदस्य शामिल हैं।
8 सितंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची
चुनाव प्रक्रिया के तहत बीसीसीआई के पूर्ण सदस्यों से अपने प्रतिनिधियों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। नामांकन और प्रतिनिधियों से जुड़ी आपत्तियों की समीक्षा के बाद 8 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और 18 सितंबर को AGM में चुनाव कराया जाएगा।
फिलहाल दो पदों पर ही चुनाव
बीसीसीआई की ओर से जारी मौजूदा नोटिस केवल आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव से संबंधित है। बोर्ड के अन्य प्रमुख पदों पर तत्काल किसी बड़े बदलाव या नए चुनाव की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है।


