Asian Games: बारनिका ने पोल वॉल्ट में देश को दिलाया पहला पदक, छठे दिन भारत का शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026

Asian Games: नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को भारत के लिए उतार-चढ़ाव भरा दिन रहा। छठे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस में कुल छह पदक जीते। एथलेटिक्स में बारानिका इलांगोवन, गुलवीर सिंह और मनप्रीत कौर ने भारत के खाते में तीन पदक जोड़े।
बारानिका ने रचा इतिहास
महिला पोल वॉल्ट में बारानिका इलांगोवन ने 4.15 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। 29 वर्षीय बारानिका ने कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किया। दोनों का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 4.15 मीटर रहा और असफल प्रयासों का रिकॉर्ड भी बराबर रहा।
2026 में दो बार बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
बारानिका ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने मार्च में 4.22 मीटर और मई में भुवनेश्वर में 4.23 मीटर की ऊंचाई पार कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार 4.23 मीटर उनका मौजूदा राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।
गुलवीर ने जीता सिल्वर
10 हजार मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 28 मिनट 29.38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। वे बहरीन के बिरहानु बालेयू से पीछे रहे। गुलवीर ने हांगझोउ एशियन गेम्स में कांस्य जीता था और इस बार पदक का रंग बदलने में कामयाब रहे।
मनप्रीत को पहला एशियन गेम्स पदक
महिला शॉटपुट में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। यह एशियन गेम्स में उनका पहला पदक है। चीन की सोंग जियायुआन ने स्वर्ण और झांग लिनरू ने रजत पदक जीता।


