Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम का जलवा जारी, इंडोनेशिया को 17-1 से हराया; तीन खिलाड़ियों ने लगाई हैट्रिक

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे मुकाबले में इंडोनेशिया को एकतरफा अंदाज में 17-1 से मात दी।

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम का जलवा जारी, इंडोनेशिया को 17-1 से हराया; तीन खिलाड़ियों ने लगाई हैट्रिक
X

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे मुकाबले में इंडोनेशिया को एकतरफा अंदाज में 17-1 से मात दी। इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाया और तीन खिलाड़ियों ने हैट्रिक लगाकर जीत को यादगार बना दिया।

तीन खिलाड़ियों ने दागे तीन-तीन गोल

इंडोनेशिया के खिलाफ भारत की ओर से दीपिका, रुतुजा पिसल और नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन गोल किए। इसके अलावा सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, सलीमा टेटे और अन्य खिलाड़ियों ने भी गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।

पहले क्वार्टर से ही भारत का दबदबा

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने इंडोनेशिया पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। दीपिका ने 8वें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने 11वें मिनट में गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया।

रुतुजा पिसल ने 15वें और 20वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। इसके बाद साक्षी राणा और दीपिका ने भी गोल कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले हाफ में ही भारतीय टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली थी।

दूसरे हाफ में भी जारी रहा गोलों का सिलसिला

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। सुनेलिता टोप्पो, इनेस, सलीमा टेटे और नवनीत कौर ने गोल करते हुए इंडोनेशिया की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। नवनीत कौर ने मैच के आखिरी चरण में लगातार गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। अंत में भारत ने 17-1 के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।

उज्बेकिस्तान के खिलाफ भी दर्ज की थी बड़ी जीत

इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था। उस मुकाबले में दीपिका सेहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले 8 गोल दागे थे।

अब थाईलैंड से होगा मुकाबला

लगातार दो बड़ी जीत के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम का अगला मुकाबला 23 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम इंडिया जापान और सिंगापुर के खिलाफ भी मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम की नजरें अब टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाने पर हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019