Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

अगरकर का कार्यकाल खत्म, गंभीर ने की तारीफ: बोले- ‘तीन ICC ट्रॉफियां आपके अटूट विश्वास का प्रमाण’

4 अक्टूबर को खत्म हुआ अगरकर का कार्यकाल

अगरकर का कार्यकाल खत्म, गंभीर ने की तारीफ: बोले- ‘तीन ICC ट्रॉफियां आपके अटूट विश्वास का प्रमाण’
X

नई दिल्ली: अजीत अगरकर का भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के तौर पर कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया। इसके बाद गुवाहाटी में हुई टीम चयन बैठक में अगरकर शामिल नहीं हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI ने फिलहाल चयन समिति के सदस्य और पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को कार्यवाही की जिम्मेदारी सौंपी है। ओझा अंतरिम चीफ सेलेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं।

गंभीर ने अगरकर को दी शुभकामनाएं

अगरकर के साथ लंबे समय तक काम कर चुके भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “प्रिय अजित भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सौभाग्य की बात रही। वे तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके अटूट विश्वास का प्रमाण हैं। हमेशा टीम पहले और टीम सबसे ऊपर। मैं कहना चाहूंगा कि इतिहास आपके प्रति ज्यादा उदार रहेगा। हर चीज के लिए शुक्रिया। आपको भविष्य के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं।”

तीन ICC खिताब दिलाने में अहम भूमिका

अगरकर जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता बने थे। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024 और 2026 टी20 विश्व कप के साथ 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में भारत फाइनल तक पहुंचा था। इस तरह उनकी अगुआई वाली चयन समिति द्वारा चुनी गई टीम ने पिछले तीन साल में चार ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई और तीन खिताब जीते।

कई दिग्गजों के करियर में आए बदलाव

अगरकर का कार्यकाल उपलब्धियों के साथ विवादों में भी रहा। इसी दौरान विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय करियर में बड़े बदलाव हुए। हालांकि, गंभीर ने अगरकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि इतिहास उनके प्रति ज्यादा उदार रहेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019